फर्जी उम्मीदवारों से सावधान रहने की अपील — परिणय फुके
भंडारा:विधानसभा चुनाव में लोकप्रिय हुए “बटोगे तो कटोगे” नारे के बाद अब भाजपा ने भंडारा में नया चुनावी नारा पेश किया है – “बटोगे तो फसोगे”। भाजपा नेता और विधायक परिणय फुके ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अन्य दलों के फर्जी और भ्रमित करने वाले उम्मीदवारों के झांसे में न आएं और क्षेत्र के विकास के लिए भाजपा उम्मीदवार को ही विजयी बनाएं।
भंडारा शहर के वार्ड क्रमांक 12 में आयोजित नुक्कड़ सभा में फुके ने कहा कि पार्टी से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने भाजपा की नीति और मूल्यों के खिलाफ जाकर दूसरे दल से चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने चेताया कि ऐसे उम्मीदवारों के पीछे मतदाताओं को नहीं भटकना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि ये लोग क्षेत्र के विकास की दिशा में सकारात्मक भूमिका निभाने की बजाय व्यक्तिगत हितों के लिए राजनीति कर रहे हैं, इसलिए मतदाताओं को सतर्क रहने की आवश्यकता है। फुके ने पार्टी विरोधी उम्मीदवारों पर कड़े शब्दों में निशाना साधते हुए कहा कि उनका लक्ष्य केवल भाजपा की साख को कमजोर करना है।
भाजपा के इस नए नारे “बटोगे तो फसोगे” को लेकर भंडारा में राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह नारा मतदाताओं के बीच चेतावनी और सतर्कता का संदेश देने के लिए तैयार किया गया है। वहीं, विपक्षी दलों के लिए यह चुनौती बन सकती है, क्योंकि यह सीधे उनके उम्मीदवारों और चुनावी रणनीति पर निशाना साधता है।
भंडारा में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर इस तरह के चुनावी नारों और नुक्कड़ सभाओं से राजनीतिक माहौल और भी गर्म होता जा रहा है।











