मुंबई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महाराष्ट्र से आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए बुधवार को चार उम्मीदवारों की घोषणा की, जिनमें केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले और राज्य सरकार के पूर्व मंत्री विनोद तावड़े शामिल हैं। अठावले और तावड़े के अलावा पार्टी ने नागपुर की पूर्व महापौर माया चिंतामन इवनाते और विधान परिषद के पूर्व सदस्य रामराव वडकुटे को भी द्विवार्षिक चुनाव के लिए मैदान में उतारा है।
महाराष्ट्र से राज्यसभा की सात सीटें अप्रैल में रिक्त होने वाली हैं। 288 सदस्यीय विधानसभा में 230 से अधिक विधायकों के साथ, भाजपा के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन अपने चारों उम्मीदवारों को जिताने की स्थिति में है।












