लोकवाहिनी, संवाददाता नागपुर। 21 जनवरी को होने वाले भारत-न्यूजीलैंड मैच का खुमार नागपुर में दिखाई दे रहा है। भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी नागपुर पहुँचकर अभ्यास मैच में व्यस्त हैं। उल्लेखनीय है कि टी20 मैच में सबसे अधिक सट्टा लगाया जाता है, इसलिए सट्टा बुकियों ने भी अपना पिटारा खोल लिया है।
सट्टा बुकियों के अनुसार जामठा में होने वाले मैच में भारत के 67 फीसदी जीतने का अनुमान लगाया है, जिससे शुरुआती दौर में भारत की टीम को 1.45 रेट जबकि न्यूजीलैंड का जीतने का अनुमान 29 फीसदी लगाया गया है। न्यूजीलैंड की टीम को 2.70 रेट दिया गया है।
बताया जाता है कि वर्धा व नागपुर इस समय क्रिकेट सट्टे का गढ़ बन चुका है। हाल ही में समाप्त हुए वनडे मैच में करीब 5 हजार करोड़ का दांव लगाया गया था। देखना यह होगा कि 21 जनवरी को होने वाले टी20 मैच में कितने हजार करोड़ का सट्टा लगाया जाता है।
टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला: 21 जनवरी को विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम (VCA) में शुरू होगी (शाम 7:00 बजे भारतीय समयानुसार)। इसके बाद 23, 25, 28 और 31 जनवरी को क्रमशः रायपुर, गुवाहाटी, विशाखापत्तनम और तिरुवनंतपुरम में मैच खेले जाएंगे।
50 ओवर क्रिकेट का रोमांच अब खत्म हो चुका है और अब भारत और न्यूजीलैंड के बीच शुरू होने जा रहा है क्रिकेट का सबसे दिलचस्प और तेज़ फॉर्मेट—टी20 क्रिकेट। टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच 5 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज का आगाज़ होने जा रहा है, परंतु इस टीम से जीतना भारत के लिए बहुत बड़ी चुनौती होगी।












