बुलढाणा। मध्य-पूर्व एशिया में भीषण युद्ध के बाद घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई वृद्धि, वितरण केंद्रों पर ग्राहकों की लंबी कतार और इससे गृहणियों व होटल व्यवसायियों को हो रही परेशानी के कारण आम जनता में असंतोष बढ़ गया है। इसी असंतोष को व्यक्त करते हुए कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को जिले भर में आंदोलन कर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
जिले के 13 तालुका मुख्यालयों और प्रमुख गांवों में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। मुख्य आंदोलन चिखली शहर में आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं ने चूल्हे पर भोजन बनाकर विरोध जताया तथा गैस सिलेंडर की प्रतीकात्मक अंतिम यात्रा निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में चिखली तहसीलदार कार्यालय का घेराव भी किया गया।
केंद्र की भाजपा-नेतृत्व वाली मोदी सरकार द्वारा घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए जाने के विरोध में 12 मार्च को तालुका और शहर कांग्रेस के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। आंदोलन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़े हुए गैस दामों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर में प्रदर्शन किया।
तहसीलदार कार्यालय से अधिकारी ज्ञापन लेने बाहर नहीं आने पर कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। बाद में कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार का घेराव कर गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमत तुरंत वापस लेने की मांग का ज्ञापन सौंपा।









