रवी राणा और नवनीत राणा ने किया शुभारंभ
भाजपा के तुषार भारतीय के खिलाफ जोरदार प्रचार
अमरावती महानगरपालिका चुनाव के तहत साईनगर प्रभाग में चुनावी माहौल दिन-ब-दिन गर्माता जा रहा है। इसी कड़ी में युवा स्वाभिमान संगठन के उम्मीदवार सचिन भेंडे के प्रचार कार्यालय का उद्घाटन भाजपा नेत्री नवनीत राणा और विधायक रवी राणा के हाथों किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।
इस अवसर पर विधायक रवी राणा ने जोरदार दावा करते हुए कहा कि साईनगर प्रभाग में युवा स्वाभिमान संगठन के उम्मीदवार सचिन भेंडे निश्चित रूप से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता बदलाव चाहती है और युवा स्वाभिमान का उम्मीदवार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा। रवी राणा के इस बयान के बाद साईनगर प्रभाग की सियासत में नया मोड़ आ गया है।
गौरतलब है कि साईनगर प्रभाग में मुकाबला खासा रोचक हो गया है। यहां भाजपा के विधान परिषद सदस्य श्रीकांत भारतीय के भाई तुषार भारतीय चुनावी मैदान में हैं, जिनके खिलाफ युवा स्वाभिमान संगठन ने सचिन भेंडे को मैदान में उतारा है। इस चुनाव में राणा दंपती खुलकर भाजपा उम्मीदवार के विरोध में उतर आए हैं और पूरी ताकत के साथ प्रचार कर रहे हैं।
राणा दंपती की सक्रियता से यह चुनाव केवल स्थानीय न रहकर राजनीतिक रूप से बेहद अहम बन गया है। दोनों पक्षों द्वारा किए जा रहे जोरदार प्रचार के चलते साईनगर प्रभाग में चुनावी चर्चा जोरों पर है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता किस उम्मीदवार पर भरोसा जताती है और किसके सिर जीत का ताज सजता है।








