BMC में 150+ सीटें जीतने का दावा
महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने जलगांव दौरे के दौरान सियासी हलकों में हलचल मचा देने वाला बयान दिया है। महायुति उम्मीदवारों के प्रचार के सिलसिले में जलगांव पहुंचे उदय सामंत ने कहा, “घड़ी को मैं कभी नहीं भूल सकता, क्योंकि मैं पहले वहीं था।” उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इसे उनके राजनीतिक सफर और लिए गए फैसलों से जोड़कर देखा जा रहा है।
उदय सामंत ने कहा कि महायुति सरकार युवाओं के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश आ रहा है, जिससे आने वाले समय में युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर उपलब्ध होंगे। उद्योग मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार की उद्योग अनुकूल नीतियों के कारण महाराष्ट्र आज देश के अग्रणी औद्योगिक राज्यों में शामिल है और रोजगार सृजन की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।
ठाकरे बंधुओं की हालिया मुलाक़ात पर प्रतिक्रिया देते हुए उदय सामंत ने तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा कि लोकसभा, विधानसभा और नगर पंचायत चुनावों में जीत के बाद अब महानगरपालिका चुनावों में भी ठाकरे गुट का सूपड़ा साफ होने वाला है। सामंत ने दावा किया कि मुंबई महानगरपालिका चुनाव में महायुति को 150 से अधिक सीटें मिलेंगी और मुंबई की सत्ता पर महायुति का ही कब्जा होगा।
एकनाथ शिंदे और संजय राऊत की मुलाक़ात को लेकर पूछे गए सवाल पर उदय सामंत ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की प्रशंसा करते हुए उन्हें संवेदनशील और संवाद में विश्वास रखने वाला नेता बताया। उन्होंने कहा कि शिंदे सभी वर्गों और नेताओं से बातचीत कर समाधान निकालने की क्षमता रखते हैं।
मनपा चुनाव से पहले उदय सामंत के ये बयान महायुति के बढ़ते आत्मविश्वास और आक्रामक चुनावी रणनीति के संकेत माने जा रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि आने वाले दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति और भी गर्माने वाली है।








