यशोधरानगर पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार
प्लॉट फर्जीवाड़ा मामले में कई आरोपियों पर केस दर्ज
यशोधरानगर पुलिस थाने के अंतर्गत जमीन फर्जीवाड़े का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। इस मामले में शिकायतकर्ता हेमलता प्रशांत सोनकुसरे (उम्र 38 वर्ष, निवासी गफूर कॉलोनी, सौसर) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, उनके ससुर स्वर्गीय गणपती दयाराम सोनकुसरे के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर प्लॉट नंबर 586, वार्ड नंबर 23, धम्मदीप नगर स्थित प्लॉट को आरोपियों ने अपने नाम पर करा लिया और बाद में उसे अन्य लोगों को बेच दिया।
पुलिस जांच के दौरान इस फर्जीवाड़े से जुड़े अहम सबूत सामने आए, जिसके आधार पर यशोधरानगर पुलिस ने CR क्रमांक 930/25 के तहत BNS 319 अनुसार मामला दर्ज किया। इस प्रकरण में मुख्य आरोपी सौरभ महेश नगरारे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इस जमीन घोटाले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिनके खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से मृत व्यक्ति के नाम पर कागजात बनाकर प्लॉट को अपने कब्जे में लिया और आर्थिक लाभ के उद्देश्य से उसकी अवैध बिक्री की। इस मामले को लेकर पुलिस द्वारा आगे की गहन जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
इस पूरे मामले ने एक बार फिर जमीन सौदों में बढ़ते फर्जीवाड़े और दस्तावेजों की जांच की आवश्यकता को उजागर किया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संपत्ति की खरीद से पहले सभी कागजातों की विधिवत जांच अवश्य करें।









