लोकवाहिनी, संवाददाता नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को 2026 के लिए 131 पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया। दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र समेत 5 हस्तियों को पद्म विभूषण सम्मान दिया जाएगा। झारखंड के पूर्व सीएम दिवंगत नेता शिबू सोरेन और बॉलीवुड सिंगर अलका याग्निक समेत 13 हस्तियों को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा।
क्रिकेटर रोहित शर्मा, पैरा एथलीट प्रवीण कुमार, महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, हॉकी प्लेयर सविता पूनिया समेत 113 हस्तियों को पद्म श्री के लिए चुना गया है। पद्म पुरस्कार विजेताओं में से 19 महिलाएं हैं। इनमें 6 विदेशी/एनआरआई/पीआईओ/ओसीआई कैटेगरी के लोग भी हैं। 16 हस्तियां ऐसी हैं, जिन्हें मरणोपरांत पुरस्कार दिए जा रहे हैं।
चुनावी राज्य केरल से आने वाले 8, तमिलनाडु से 13, बंगाल से 11 और असम से 5 लोगों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश से 11 और महाराष्ट्र से 16 लोगों को पद्म पुरस्कार मिला है।
5 हस्तियों को पद्म विभूषण
अभिनेता धर्मेंद्र को कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए और वी.एस. अच्युतानंदन को सामाजिक कार्यों के लिए मरणोपरांत पद्म विभूषण मिला है। इनके अलावा, केरल से आने वाले के.टी. थॉमस को सामाजिक कार्यों के लिए और पी. नारायणन को साहित्य और शिक्षा के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है, जबकि उत्तर प्रदेश से आने वाली एन. राजम को कला के लिए पद्म विभूषण मिला है।












