महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां यात्रियों की सतर्कता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।जानकारी के अनुसार, गडचांदूर से नागपुर जा रही महाराष्ट्र राज्य परिवहन महामंडल की बस का चालक कथित रूप से शराब के नशे में वाहन चला रहा था। यह घटना ६ अप्रैल की रात करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है।
बस में सवार यात्रियों ने आरोप लगाया कि वाहन लगातार डगमगा रहा था और कई बार सड़क के किनारे जाने की स्थिति बन गई थी। इससे बस के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया था। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए एक सतर्क यात्री ने तुरंत बस रुकवाई और चालक से जवाब-तलब किया।
इस दौरान चालक की हालत देखकर यात्रियों को संदेह हुआ कि वह नशे में है। इसके बाद यात्रियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने बस के परिचालक से दूसरी बस की व्यवस्था करने की मांग की। संबंधित बस राजुरा डिपो की बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद वरोरा आगार प्रबंधन को सूचित किया गया। इसके बाद चालक और परिचालक को वरोरा पुलिस थाने ले जाया गया। फिलहाल चालक को ‘लाइन ऑफ’ कर दिया गया है, यानी उसे ड्यूटी से हटा दिया गया है।
महाराष्ट्र राज्य परिवहन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में चालक दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सौभाग्य से इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस लापरवाही ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।







