छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाते हुए औरंगाबाद रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर छत्रपति संभाजीनगर रेलवे स्टेशन कर दिया है। इस बदलाव की जानकारी राज्य सरकार द्वारा जारी गजट अधिसूचना में दी गई। इसके बाद स्टेशन के सभी साइनबोर्ड और आधिकारिक दस्तावेज़ों में नया नाम अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
पहले मुगल बादशाह औरंगजेब के नाम पर रखे गए इस शहर का नया नाम अब मराठा साम्राज्य के वीर शासक छत्रपति शिवाजी महाराज के पुत्र संभाजी महाराज के सम्मान में रखा गया है। इस नाम परिवर्तन की पहल पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार ने की थी।
एक अधिकारी ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली महायुति सरकार ने 15 अक्टूबर 2025 को गजट अधिसूचना जारी कर नाम परिवर्तन को आधिकारिक रूप से मंजूरी दी।
यह रेलवे स्टेशन 1900 में निर्मित किया गया था और इसे हैदराबाद के सातवें निजाम मीर उस्मान अली खान ने बनवाया था। यह स्टेशन काचीगुड़ा–मनमाड रेलखंड पर स्थित है और वर्तमान में छत्रपति संभाजीनगर शहर (पूर्व में औरंगाबाद) का प्रमुख रेलवे स्टेशन है।
इस नाम परिवर्तन से न केवल स्टेशन का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व बढ़ा है, बल्कि मराठा शासक छत्रपति संभाजी महाराज की वीरता और योगदान को भी सम्मानित किया गया है।











