छत्रपति संभाजीनगर! महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से आयोजित 12वीं कक्षा की परीक्षा आज से पूरे राज्य में शुरू हो गई है। इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए राज्यभर की 10,664 स्कूलों और कनिष्ठ महाविद्यालयों से कुल 15 लाख 32 हजार 847 छात्रों ने पंजीकरण कराया है।
परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए शिक्षा मंडल और प्रशासन की ओर से कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, उड़नदस्ते और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके।
बोर्ड की ओर से छात्रों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र पर उपस्थित रहें। साथ ही छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रश्नपत्र पढ़ने और उत्तर लिखने के लिए निर्धारित समय के अलावा 10 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जा रहा है।
परीक्षा निरीक्षक सीमा सिद्दीकी (सभु विद्यालय आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज) ने जानकारी देते हुए कहा कि छात्रों को किसी भी प्रकार का मानसिक दबाव नहीं लेना चाहिए और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देनी चाहिए। यदि परीक्षा के दौरान किसी तरह की समस्या आती है तो तुरंत केंद्र प्रमुख या परीक्षा निरीक्षक से संपर्क करें।
12वीं की यह परीक्षा छात्रों के शैक्षणिक भविष्य की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में अभिभावकों और शिक्षकों ने भी छात्रों को संयम, एकाग्रता और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देने की सलाह दी है।







