लोकवाहिनी, संवाददाता कलियाबोर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम के काजीरंगा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को देश नकार रहा है और जिस मुंबई में कांग्रेस का जन्म हुआ था, वहां आज वह चौथे या पांचवें नंबर की पार्टी बन गई है।
पीएम मोदी ने असम के कलियाबोर में 6,957 करोड़ रुपये के काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर का शिलान्यास किया और ‘अमृत भारत’ ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस को देश का भरोसा खोने वाली पार्टी बताया। पीएम मोदी ने कहा कि आज भाजपा लोगों की पहली पसंद बन गई है। बीते एक-डेढ़ वर्षों में भाजपा पर देश का भरोसा लगातार बढ़ता जा रहा है।
हाल ही में बिहार में चुनाव हुए, वहां 20 वर्ष के बाद भी जनता ने भाजपा को रिकॉर्ड वोट दिए हैं, रिकॉर्ड सीटें जिताई हैं। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले महाराष्ट्र के बड़े शहरों में मेयर और पार्षद चुनाव परिणाम आए हैं। मुंबई जो दुनिया के सबसे बड़े निगमों में से एक है, वहां की जनता ने पहली बार भाजपा को रिकॉर्ड जनादेश दिया। जीत मुंबई में हो रही है और जश्न काजीरंगा में मनाया जा रहा है। महाराष्ट्र की जनता ने भाजपा की सेवा को अवसर दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि इससे पहले सुदूर दक्षिण में केरल की जनता ने भाजपा को बड़ा समर्थन दिया है। वहां पहली बार भाजपा का महापौर बनाया है।









