संसद हंगामे पर बावनकुले का तीखा प्रहार
अमरावती:अमरावती में संसद में हुए हालिया हंगामे को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। बावनकुले ने कांग्रेस के व्यवहार को लोकतंत्र के खिलाफ बताते हुए कहा कि पार्टी इस समय “मेंटली रिटायर्ड” जैसी स्थिति में काम कर रही है।
चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि कांग्रेस का मौजूदा रवैया देखकर उनकी बुद्धि पर तरस आता है। एक तरफ पूरे विश्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नेतृत्व के लिए सराहना मिल रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस संसद जैसे पवित्र लोकतांत्रिक मंदिर में प्रदर्शन और अव्यवस्था फैलाकर लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि संसद में इस तरह का व्यवहार किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है।
बावनकुले ने आगे कहा कि कांग्रेस को अपने आचरण पर आत्मचिंतन करने की जरूरत है। बार-बार संसद का कामकाज बाधित करना, शोर-शराबा करना और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करना, यह लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कांग्रेस ने अपना रवैया नहीं बदला, तो आने वाले समय में जनता कांग्रेस को पूरी तरह से नकार देगी।
उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध की भी एक मर्यादा होती है। कांग्रेस द्वारा की जा रही राजनीति मर्यादाओं को तोड़ने वाली है और इसका जवाब जनता आने वाले चुनावों में जरूर देगी।








