सरकार पर बरसे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष
भाजपा-एमआईएम की मिलीभगत का आरोप
बदलापूर:कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने स्पष्ट किया है कि चंद्रपुर महानगरपालिका को लेकर कांग्रेस में कोई आंतरिक विवाद नहीं है और समन्वय स्थापित कर कांग्रेस का ही महापौर चुना जाएगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में गुट पंजीकरण को लेकर जो चर्चाएं सामने आई हैं, वे सही हैं, लेकिन अंततः कांग्रेस ही नगर निगम का नेतृत्व करेगी और दोनों नेता मिलकर जिम्मेदारी निभाएंगे।
चंद्रपुर में बहुमत को लेकर सपकाल ने बताया कि कांग्रेस अभी सात अंकों से पीछे है, इसलिए मित्र दलों से बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि परभणी की तर्ज पर ठाकरे गुट की शिवसेना से भी समर्थन को लेकर चर्चा की जा रही है।
चंद्रपुर विवाद के दिल्ली दरबार तक पहुंचने के सवाल पर सपकाल ने कहा कि महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्नीथला लगातार संपर्क में रहते हैं और समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हैं।
बदलापुर यौन उत्पीड़न मामले पर उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि महाराष्ट्र को पूर्णकालिक गृहमंत्री न मिलना ही बढ़ते अपराधों का कारण है। उन्होंने देवेंद्र फडणवीस से इस पर आत्मचिंतन करने की मांग की। साथ ही पोस्को आरोपी को स्वीकृत नगरसेवक बनाए जाने पर भी सवाल उठाए।
मुंबई में बिहार भवन निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि यह फैसला सांस्कृतिक आदान-प्रदान से ज्यादा राजनीतिक ध्रुवीकरण के लिए लिया गया लगता है। वहीं अचलपुर में भाजपा और एमआईएम के कथित तालमेल पर उन्होंने दोनों को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए कड़ी आलोचना की।









