लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। डाबो में क्रिसमस के मौके पर हुई पार्टी में भड़की हिंसा अब और भी गंभीर रूप ले चुकी है। ऑरेंज सिटी हॉस्पिटल में इलाज करा रहे एक युवक की मौत हो गई है। यह इस घटना में दूसरी मौत है, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।
युवती से छेड़छाड़ करने पर प्रणय व गौरव ने मिहिल राऊत, सौम्या देशमुख, ऋषि शर्मा, तरार नानकानी, अभय जमतानी और राजीव चावला को फटकारा था। पब से बाहर निकलने के बाद इन सभी ने मिलकर मिहिल निवासी प्रणय रमेश रननावार (28) और उनके मित्र कलमना के चिखली निवासी गौरव बृजलाल कारडा (32) पर जानलेवा हमला किया था। इस हमले में प्रणय के पेट में लोहे की रॉड से गहरे घाव किए जाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, घायल गौरव बृजलाल कारडा को गंभीर चोटें आई थीं। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। अंततः उसने दम तोड़ दिया। यह इस हिंसक घटना में दूसरी मौत है। पहली मौत के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू की थी, लेकिन दूसरी मौत ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।








