दावणगेरे, कर्नाटक। कर्नाटक के दावणगेरे शहर में ‘आई लव मोहम्मद’ संदेश वाले पोस्टर से साम्प्रदायिक तनाव फैल गया। 24 सितंबर की रात को कार्ल मार्क्स नगर में यह पोस्टर लगाए जाने के बाद दो समुदायों के बीच पथराव और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
पुलिस अधीक्षक उमा प्रशांत ने बताया कि पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पाँच मिनट के भीतर स्थिति पर काबू पा लिया। उन्होंने कहा, “कार्ल मार्क्स नगर में ‘आई लव मुहम्मदिया’ लिखा बैनर लगाया गया था। दूसरे समुदाय ने इसे हटाने की मांग की, जिसके बाद लोग इकट्ठा हो गए थे। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और सभी को तितर-बितर कर दिया।”
प्रशांत ने यह भी बताया कि अब स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है और विवादित बैनर हटा दिए गए हैं।
इस घटना पर कर्नाटक विधान परिषद में विपक्ष के नेता चलवाडी नारायणस्वामी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “इस राज्य में जो कुछ हो रहा है, उसका कारण सरकार है। एक पक्ष को बढ़ावा देना और दूसरे को रोकना सही नहीं है। सबको समान नजर से देखा जाना चाहिए और सभी को साथ लेकर चलना चाहिए।”
स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।











