नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है, जब एक अज्ञात कार गेट तोड़कर अंदर घुस गई। घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि गेट तोड़कर कार लेकर घुसने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने ड्राइवर समेत तीन लोगों को पकड़ा है। साथ ही आरोपियों के कब्जे से कार भी बरामद कर ली गई है।
जांच में पता चला है कि बरामद कार उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले पर रजिस्टर्ड है। कार का नंबर UP26 AZ 8090 है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर ऐसा करने के पीछे आरोपियों का मकसद क्या था। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विधानसभा में हुई इस घटना के बाद खुद दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा भी मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने अन्य पुलिस अधिकारियों से इस घटना पर विस्तार से बात की। बताया जा रहा है कि दिल्ली सीपी ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया है।







