वर्सोवा में बदले सियासी समीकरण, महायुति के सामने चुनौती
निर्दलीय उम्मीदवार की एंट्री से चुनाव हुआ दिलचस्प
मुंबई के वॉर्ड क्रमांक 59, वर्सोवा से शिवसेना (शिंदे गुट) के इच्छुक उम्मीदवार अल्ताफ पेवेकर ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। महायुति की ओर से इस वार्ड में भारतीय जनता पार्टी ने योगीराज दाभाडकर को आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी से टिकट न मिलने के कारण अल्ताफ पेवेकर ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का निर्णय लिया, जिससे वर्सोवा की राजनीति में नई हलचल देखने को मिल रही है।
अल्ताफ पेवेकर लंबे समय से शिवसेना (शिंदे गुट) से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। स्थानीय स्तर पर उनके समर्थकों की संख्या भी काफी है। ऐसे में उनके निर्दलीय मैदान में उतरने से महायुति के वोट बैंक पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यह स्थिति त्रिकोणीय मुकाबले को जन्म दे सकती है, जिससे चुनाव और अधिक रोचक हो जाएगा।
वर्सोवा वार्ड पहले से ही राजनीतिक रूप से संवेदनशील माना जाता रहा है। यहां विकास, स्थानीय मुद्दे, बुनियादी सुविधाएं और जनसमस्याएं चुनाव का अहम मुद्दा रहती हैं। अब अल्ताफ पेवेकर के निर्दलीय चुनाव लड़ने से मतदाताओं के सामने एक नया विकल्प सामने आया है।
महायुति के लिए यह स्थिति चुनौतीपूर्ण साबित हो सकती है, क्योंकि भीतरखाने असंतोष खुलकर सामने आ गया है। आने वाले दिनों में प्रचार तेज होने के साथ ही यह देखना अहम होगा कि मतदाता किस पर भरोसा जताते हैं और क्या अल्ताफ पेवेकर का यह कदम चुनावी समीकरणों को पूरी तरह बदल देगा।








