धुले शहर में अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिला आपूर्ति विभाग की टीम ने चालीसगांव रोड स्थित एक डेयरी के पीछे संचालित हो रहे अवैध गैस रिफिलिंग केंद्र पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान सात गैस सिलेंडर और गैस भरने के दो पंप जब्त किए गए।
प्रशासन को गोपनीय सूचना मिली थी कि संबंधित स्थान पर घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है तथा वाहनों में अवैध तरीके से गैस भरी जा रही है। यह गतिविधि अत्यंत खतरनाक परिस्थितियों में संचालित की जा रही थी, जिससे किसी भी समय गंभीर दुर्घटना की आशंका थी। सूचना के आधार पर सहायक जिला आपूर्ति अधिकारी अर्चना भगत के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई और मौके पर छापा डाला गया।
छापेमारी के दौरान अवैध रूप से रखे गए सिलेंडर और रिफिलिंग उपकरण बरामद हुए। इस कार्रवाई के बाद शहर में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध रैकेट में और कौन-कौन शामिल हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस प्रकार की अवैध और जानलेवा गतिविधियों की जानकारी तुरंत अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके और संभावित हादसों को रोका जा सके।







