
लोकवाहिनी, संवाददाता:चेन्नई। साइक्लोन दितवाह के चलते बारिश से जुड़ी घटनाओं में तमिलनाडु में तीन लोगों की मौत हो गई है। तूतीकोरिन और तंजावुर में रविवार को दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। मयिलादुथुरै में करंट लगने से 20 साल के युवक की जान चली गई। राज्य सरकार में मंत्री वी. रामचंद्रन ने बताया कि तटीय इलाकों में 234 झोपड़ियों/कच्चे घरों को नुकसान पहुँचा है। इसके अलावा 149 जानवरों की मौत हो गई है। खेती के काम वाली करीब 57,000 हेक्टेयर जमीन पानी में डूब चुकी है। श्रीलंका में तबाही मचाने के बाद साइक्लोन दितवाह सोमवार देर रात तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों से टकराएगा।
मौसम विभाग ने कुड्डालोर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुरै, विल्लुपुरम, चेंगलपट्टू समेत कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ समेत 28 से ज्यादा डिजास्टर रिस्पॉन्स टीमों को तैनात किया गया। इनके अलावा महाराष्ट्र और गुजरात के एसडीआरएफ बेस से 10 टीमें चेन्नई पहुँची हैं। तमिलनाडु में भारी बारिश के कारण शनिवार को 54 उड़ानें रद्द कर दी गईं। पुडुचेरी सेंट्रल यूनिवर्सिटी ने साइक्लोन के कारण छुट्टी घोषित कर सभी परीक्षाएँ स्थगित कर दी हैं। मौसम विभाग के मुताबिक तूफान दितवाह दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तर तमिलनाडु-पुडुचेरी तट के पास बना हुआ है।
रविवार को सुबह 11.30 बजे यह लगभग 7 किमी/घंटा की रफ़्तार से उत्तरी दिशा में बढ़ा। कुड्डालोर से 100 किमी पूर्व-दक्षिणपूर्व में, कराईकल से 110 किमी उत्तर-उत्तरपूर्व में, पुडुचेरी से 100 किमी पूर्व-दक्षिणपूर्व में, चेन्नई से 170 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व के सेंटर में रहा। दितवाह का सेंटर तमिलनाडु-पुडुचेरी तट से लगभग 80 किमी की दूरी पर है। इसके देर रात तक तमिलनाडु-पुडुचेरी तट से करीब 30 किमी की दूरी तक आने के संभावना है। तूफान फिलहाल समुद्र में ही रहेगा, यानी सीधा लैंडफॉल अभी अनुमानित नहीं, लेकिन तट के बेहद करीब से गुजरेगा, लेकिन तूफान तट के बेहद करीब से गुजरेगा।











