फूलों से सजा विठ्ठल–रुक्मिणी मंदिर
भक्तिरस में डूबी पंढरपुर नगरी
पंढरपूर:वसंत पंचमी के पावन अवसर पर तीर्थक्षेत्र पंढरपुर में भगवान श्री विठ्ठल और माता रुक्मिणी के दिव्य विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया है। इस शुभ अवसर पर संपूर्ण विठ्ठल–रुक्मिणी मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया है। चारों ओर भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
सुबह से ही मंदिर परिसर में शहनाई और चौघड़े के मंगल स्वर गूंजते रहे, जिससे पंढरपुर नगरी भक्तिरस में सराबोर हो गई है। देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालु इस अलौकिक विवाह सोहळे के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में मंदिर परिसर में उपस्थित हैं। विठ्ठल–रुक्मिणी के विवाह विधि को पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न किया जा रहा है।
इस शाही विवाह समारोह के लिए विशेष रूप से करीब दो टन फूलों से भव्य मयूर मंडप का निर्माण किया गया है। यह मंडप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मंदिर परिसर की सजावट, दीपों की रोशनी और भक्तों की जयघोष से पूरा वातावरण मंगलमय हो गया है।
पंढरपुर में इस समय भगवान के विवाह की लगीनघाई का आनंद हर भक्त अनुभव कर रहा है। मंदिर प्रशासन द्वारा भक्तों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। वसंत पंचमी के इस शुभ दिन पर आयोजित विठ्ठल–रुक्मिणी विवाह सोहळा श्रद्धा, भक्ति और परंपरा का अनुपम संगम बन गया है।









