महिला सशक्तीकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विशेष जोर
पुलिस लाइन टाकळी प्रभाग में भाजपा का झंडा लहराने की तैयारी
नागपुर के प्रभाग क्रमांक 10 से भारतीय जनता पार्टी की ओर से डॉ. वैशाली रमेश चोपड़े ने अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की है। इस अवसर पर उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगी। डॉ. चोपड़े ने कहा कि पुलिस लाइन टाकळी प्रभाग पिछले दो कार्यकाल से कांग्रेस के कब्जे में रहा है, लेकिन इस बार क्षेत्र की जनता में बदलाव को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और भाजपा का कमल यहां खिलने के पूरे आसार हैं।
डॉ. वैशाली चोपड़े ने अपने एजेंडे में महिला सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाएं विशेष रूप से महिलाओं के लिए शुरू की गई हैं, जिनमें लाडकी बहिण योजना, उज्ज्वला गैस योजना और हर घर जल योजना प्रमुख हैं। इन योजनाओं का लाभ अंतिम महिला तक पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह उनकी पहली उम्मीदवारी नहीं है। इससे पहले भी वे चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा रह चुकी हैं और उस अनुभव के साथ-साथ पार्टी के सहयोग के कारण ही आज वे फिर से मैदान में उतरी हैं। डॉ. चोपड़े ने कहा कि वे केवल चुनाव जीतने के लिए नहीं, बल्कि प्रभाग के सर्वांगीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से चुनाव लड़ रही हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि महिला नेतृत्व के माध्यम से प्रभाग में सकारात्मक बदलाव आएगा और आने वाले समय में पुलिस लाइन टाकळी क्षेत्र में भाजपा का झंडा जरूर लहराएगा।








