नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में वर्ष 2025-26 की आर्थिक समीक्षा (Economic Survey) पेश की। उन्होंने सदन में प्रश्नकाल समाप्त होते ही सदन में आर्थिक समीक्षा प्रस्तुत की। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आवश्यक कागजात प्रस्तुत कराए। उन्होंने पिछले दिनों दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल देशों की संसद के पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन का भी उल्लेख किया। इसके बाद कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।
आर्थिक सर्वेक्षण में अनुमान जताया गया है कि वित्त वर्ष 2027 में भारत की जीडीपी (GDP) वृद्धि दर 6.8 प्रतिशत से 7.2 प्रतिशत के बीच रह सकती है। यह देश की मजबूत आर्थिक नींव और स्थिर विकास की ओर संकेत करता है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी 2026 (रविवार) को केंद्रीय बजट 2026-27 पेश करेंगी। यह लगातार उनके द्वारा प्रस्तुत किया जाने वाला आठवां बजट होगा। आर्थिक सर्वेक्षण में हाल के वर्षों में किए गए नीतिगत सुधारों के प्रभाव को भी शामिल किया गया है।












