लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। सड़क किनारे अवैध निर्माणों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से नागपुर मनपा ने शहरव्यापी अतिक्रमण विरोधी अभियान युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है। शहर में पदयात्रियों के लिए मार्ग बचा नहीं है। अतिक्रमण हटाने का उद्देश्य सभी क्षेत्रों में फुटपाथों को साफ करना और बार-बार लगने वाले यातायात जाम को कम करना है।
आयुक्त और प्रशासक डॉ. अभिजीत चौधरी के निर्देश पर मनपा प्रवर्तन विभाग ने निरंतर कार्रवाई के लिए 15 टीमें तैनात की हैं, जिसमें 10 टीमें जोन-वार और 5 टीमें मुख्यालय से बड़े पैमाने पर अभियानों में सहयोग के लिए हैं।
नागपुर में फुटपाथों के बड़े हिस्सों पर अनधिकृत स्टॉल और दुकानों के बाहर सामान प्रदर्शित करके उन्हें अवरुद्ध कर दिया गया है। इन अतिक्रमणों के कारण पैदल यात्रियों का आवागमन कठिन और असुरक्षित हो गया है। मनपा के दस में से प्रत्येक क्षेत्र को अतिक्रमण विरोधी दल सौंपा गया है। केंद्रीय कार्यालय में तैनात पांच अतिरिक्त टीमें घनी आबादी वाले अतिक्रमण ग्रस्त क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने के कार्यों को संभाल रही हैं।









