नागपुर (महाराष्ट्र)। शहर की क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली HARPIC टॉयलेट क्लीनर बनाने और बाजार में बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि शहर में नामी कंपनियों के ब्रांड का इस्तेमाल कर अवैध तरीके से नकली सामान बेचने का कारोबार सक्रिय रूप से चल रहा है।
क्राइम ब्रांच की विशेष टीम ने ईश्वर नगर, नंदनवन स्थित श्री कृष्ण डेली नीड्स एंड जनरल स्टोर और मस्कासाथ स्थित गुरमीत ट्रेडर्स के गोदाम पर छापेमारी की। छापे के दौरान पुलिस ने 204 नकली HARPIC बॉटल्स जब्त कीं। जब्त माल की कीमत पुलिस ने करीब 13,364 रुपये बताई है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने दो व्यापारियों को गिरफ्तार किया है। श्री कृष्ण डेली नीड्स एंड जनरल स्टोर के संचालक विजय धनुसावजी ढेंगरे और गुरमीत ट्रेडर्स के संचालक ब्रिजलाल अर्जुनदास पाहूजा। दोनों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (डिटेक्शन) राहुल माणिकार और सह पुलिस आयुक्त (क्राइम) अभिजीत पाटिल के मार्गदर्शन में की गई। पूरी कार्रवाई की जिम्मेदारी पीएसआई मंगला हरड़े और उनकी टीम ने संभाली।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नकली उत्पाद सिर्फ कंपनी की छवि को नुकसान नहीं पहुंचाते, बल्कि आम उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक हो सकते हैं। HARPIC जैसा क्लीनिंग प्रोडक्ट रसायनों से बना होता है, और नकली प्रोडक्ट में निम्नस्तरीय व असुरक्षित सामग्री का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे उपयोग करने वालों को गंभीर स्वास्थ्य जोखिम हो सकता है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि ये नकली माल कहाँ से तैयार हो रहा था, सप्लाई चेन में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं, तथा कितने समय से यह कारोबार चल रहा था। संभावना जताई जा रही है कि इस गिरोह का नेटवर्क शहर से बाहर तक फैला हो सकता है।
क्राइम ब्रांच की यह कार्रवाई शहर में नकली सामानों के अवैध कारोबार पर एक बड़ा प्रहार मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपभोक्ताओं को भी जागरूक रहना चाहिए और संदिग्ध या बेहद सस्ते दामों पर बिकने वाले उत्पादों से बचना चाहिए।
रिपोर्ट : विशाल बाम्बड़वार, लोकवाहिनी मीडिया, नागपुर (महाराष्ट्र)








