सोशल मीडिया पर फैली अफवाह, वन विभाग की चेतावनी
अमरावती के गोपाल नगर रेलवे ट्रैक पर तेंदुआ दौड़ता हुआ दिखाई देने वाला एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद शहर में आम नागरिकों के बीच डर और दहशत का माहौल बन गया। कई लोगों ने इसे सच मानते हुए यह आशंका जताई कि रिहायशी इलाके में तेंदुए की मौजूदगी से जान-माल का खतरा बढ़ सकता है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो को तेजी से शेयर किया गया, जिससे अफवाहों को और हवा मिली।
हालांकि, वन विभाग ने इस वायरल वीडियो को लेकर सच्चाई सामने रखी है। वन विभाग के रेस्क्यू अधिकारी अमोल गावनेर ने स्पष्ट रूप से बताया कि यह वीडियो पूरी तरह फर्जी है और इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक की मदद से तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि वीडियो का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है और लोगों को इससे घबराने की जरूरत नहीं है।
अमोल गावनेर ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि गोपाल नगर क्षेत्र में केवल एक ही रेलवे ट्रैक मौजूद है, जबकि वायरल वीडियो में एक साथ कई रेलवे ट्रैक दिखाई दे रहे हैं। यह तथ्य ही वीडियो के बनावटी होने को साबित करता है। इसके अलावा उन्होंने वन्य जीवों के स्वभाव पर भी प्रकाश डाला। उनके अनुसार, तेंदुआ या कोई भी जंगली जानवर कभी भी ट्रेन या तेज रफ्तार वाहनों के पीछे नहीं दौड़ता। तेज आवाज, भीड़ और हड़कंप से वन्य जीव डरकर उस स्थान से दूर चले जाते हैं।
वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह के फेक और भ्रामक वीडियो पर भरोसा न करें और न ही उन्हें आगे साझा करें। साथ ही विभाग ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि फर्जी और बनावटी वीडियो बनाना और सोशल मीडिया पर फैलाना कानूनन अपराध है। ऐसे वीडियो बनाने और फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी सूचना की पुष्टि केवल आधिकारिक स्रोतों से करने की अपील की है।








