मुंबई। फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग मामले में पुणे पुलिस ने रविवार को 5 लोगों को गिरफ्तार किया। बीती रात करीब 12 बजकर 45 मिनट पर कुछ लोगों ने जुहू में मौजूद 9 मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर फायरिंग की थी। इस दौरान हमलावरों ने करीब 5 राउंड फायरिंग की। एक गोली बिल्डिंग में मौजूद जिम के शीशे में जा फंसी।
इस घटना के बाद पुलिस ने रोहित शेट्टी के घर की सुरक्षा बढ़ा दी थी और हमलावरों की तलाश में जुट गई थी। इस मामले में पुणे पुलिस ने पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को संदेह है कि पुणे के वारजे और कर्वेनगर इलाकों से हिरासत में लिए गए ये आरोपी आपराधिक गिरोहों से जुड़े हुए हैं। सीपी के मुताबिक, शुरुआती जानकारी से पता चला है कि सभी पांच गिरफ्तार आरोपी देशभर में सक्रिय एक कुख्यात गिरोह से जुड़े हुए हैं।
पुणे पुलिस को विशिष्ट खुफिया सूचनाओं के जरिए उनके संदिग्ध बैकग्राउंड, संपर्कों और गतिविधियों के बारे में पता चला था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। आरोपियों के मुंबई स्थित आपराधिक गिरोहों से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। सभी आरोपियों को मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम: अमन आनंद मारोते (27), आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी (19), सिद्धार्थ दीपक यनपुरे (20), समर्थ शिवशरण पोमाजी (18) और स्वप्निल बड सकट (23) शामिल हैं।
जांच अभी शुरुआती स्तर पर ही है। रोहित शेट्टी ‘शेट्टी टॉवर’ में अपने परिवार के साथ रहते हैं। सूत्रों की मानें तो शेट्टी टावर में कुल आठ सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और बाहर आने-जाने के लिए दो गेट हैं। इस गोलीबारी के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। हालांकि पुलिस ने वहां सुरक्षा बढ़ा दी है। मामले पर अभी तक रोहित शेट्टी की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।












