अपराधी फरार, पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश
कानून-व्यवस्था पर सवाल, प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए
नागपुर:नागपुर शहर के जूनी शुक्रवारी इलाके में रविवार सुबह एक मामूली दीवार निर्माण विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस हमले में एक ही परिवार के पांच सदस्यों पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिनमें नाबालिग बच्चियां और एक दो माह की गर्भवती महिला शामिल हैं।
घटना के अनुसार, सुभाष मते नामक व्यक्ति ने निर्माण के दौरान कुछ जगह हवा और रास्ते के लिए छोड़ने की बात कही। इससे नाराज होकर आरोपी पक्ष ने पहले गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। थोड़ी ही देर बाद आरोपी अमन नरारे अपने साथियों के साथ धारदार हथियार लेकर सुभाष मते के घर पहुंचा, दरवाजा तोड़ा और घर में घुसकर हमला कर दिया।
हमले में सुभाष मते, उनकी पत्नी, दो नाबालिग बेटियां और गर्भवती बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी अमन नरारे पहले से आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह एनएमसी में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत है।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए हैं और उनकी तलाश जारी है। इस हमले ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है, और यह घटना एक बार फिर शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।









