कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद सुरेश कलमाडी का निधन हो गया है। उनके निधन से राजनीतिक, सामाजिक और खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे सुरेश कलमाडी के निधन को पुणे की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।
उनके निधन की सूचना मिलते ही महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने गहरा शोक व्यक्त किया और पुणे पहुंचकर पार्थिव शरीर के दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान अजित पवार ने सुरेश कलमाडी के साथ जुड़े अपने राजनीतिक अनुभवों को भी साझा किया।
अजित पवार ने कहा कि सुरेश कलमाडी ने राजनीतिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने याद किया कि राज्यसभा चुनाव के दौरान सीमित संख्या के बावजूद उन्हें टिकट देकर संसद तक पहुंचाया गया था। इसके साथ ही रेल मंत्रालय में मंत्री के रूप में भी सुरेश कलमाडी ने कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों में सक्रिय भूमिका अदा की।
वहीं, अजित पवार ने यह भी कहा कि पुणे मैराथन, गणेशोत्सव और पुणे के समग्र विकास से जुड़े कई अहम फैसलों में सुरेश कलमाडी का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि कलमाडी का जाना केवल एक राजनीतिक नेता का नहीं, बल्कि पुणे के विकास से जुड़े एक अनुभवी मार्गदर्शक का जाना है।
इस अवसर पर अजित पवार ने स्पष्ट किया कि चुनावी माहौल के बावजूद लाडकी बहिण योजना पूरी तरह से जारी रहेगी और इसे बंद करने का कोई सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सुरेश कलमाडी के निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों ने भी शोक व्यक्त किया है।









