आमदार संजय कुटे और रवी राणा पहुंचे अस्पताल
अमरावती में आगामी महापालिका चुनाव को लेकर सीट बंटवारे की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं। इसी राजनीतिक हलचल के बीच शिवसेना के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद आनंदराव अडसूळ की तबियत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तुरंत अमरावती के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों के अनुसार आनंदराव अडसूळ की तबियत फिलहाल स्थिर है और उन्हें विशेष चिकित्सकीय देखरेख में रखा गया है। डॉक्टरों ने बताया कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, हालांकि एहतियात के तौर पर उन्हें कुछ समय तक अस्पताल में ही रखा जाएगा।
वरिष्ठ नेता की तबियत बिगड़ने की खबर मिलते ही राजनीतिक गलियारों में चिंता का माहौल बन गया। आमदार संजय कुटे और अमरावती की चर्चित नेता रवी राणा अस्पताल पहुंचे और आनंदराव अडसूळ की सेहत का हालचाल जाना। दोनों नेताओं ने डॉक्टरों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी भी ली।
इस दौरान अस्पताल में शिवसेना और सहयोगी दलों के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। राजनीतिक मुलाकातों के बीच आगामी महापालिका चुनाव को लेकर चर्चाएं भी होती नजर आईं। सूत्रों के अनुसार, आमदार संजय कुटे और पूर्व विधायक अभिजीत अडसूळ के बीच सीट बंटवारे और चुनावी रणनीति को लेकर संक्षिप्त बातचीत हुई।
गौरतलब है कि आनंदराव अडसूळ अमरावती की राजनीति में एक प्रभावशाली चेहरा रहे हैं और महापालिका चुनाव के मद्देनज़र उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है। ऐसे में उनकी तबियत बिगड़ने की खबर ने राजनीतिक चर्चाओं को कुछ समय के लिए थाम दिया है। फिलहाल उनके समर्थक और शुभचिंतक उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।








