सुरक्षा या अपहरण, जांच में जुटी पुलिस
कल्याण शहर में शिवसेना ठाकरे गुट के चार नवनिर्वाचित नगरसेवकों के अचानक संपर्क से बाहर होने से राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। बीते कुछ समय से ये चारों नगरसेवक ‘नॉट-रीचेबल’ बताए जा रहे हैं, जिसके बाद उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
इस मामले में शिवसेना ठाकरे गुट के जिलाध्यक्ष शरद पाटील ने संबंधित पुलिस थाने में गुमशुदगी को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में नगरसेवकों के जीवन को खतरा होने या उनके अपहरण की आशंका जताई गई है और पूरे मामले की गहन जांच की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार, पुलिस को सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी माध्यमों से जांच कर नगरसेवकों का जल्द से जल्द पता लगाने की मांग की गई है। साथ ही, यदि संबंधित नगरसेवक कहीं सुरक्षित हैं, तो वे मीडिया के सामने आकर अपनी स्थिति स्पष्ट करें, ऐसा भी आग्रह किया गया है।
शरद पाटील ने स्पष्ट किया कि यह शिकायत वरिष्ठ नेताओं के निर्देशों के बाद ही दर्ज कराई गई है और इसका उद्देश्य केवल नगरसेवकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इस मामले को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए और पुलिस को सभी संभावित पहलुओं से जांच करनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और नगरसेवकों की तलाश शुरू कर दी है। पूरे घटनाक्रम पर राजनीतिक दलों और नागरिकों की नजर बनी हुई है।









