शादी में जा रहे थे चारों युवक, मोड़ पर अनियंत्रित हुई कार
सीमेंटेड टंकी तोड़कर 6 मीटर गहरे नाले में पलटी गाड़ी
पुलिस जांच जारी, पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए शव
उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार ने चार जिंदगियां छीन लीं। जानकारी के मुताबिक, चार युवक एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए कार से जा रहे थे। रात करीब 9 बजे उनकी कार तेज गति से सड़क पर दौड़ रही थी। इसी दौरान सामने आए तीव्र मोड़ को चालक देख नहीं सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बनी सीमेंटेड टंकी से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टंकी पूरी तरह टूट गई। इसके बाद कार पलटकर करीब 5 से 6 मीटर गहरे नाले में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने गाड़ी में फंसे युवकों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक चारों की मौत हो चुकी थी।
ग्रामीण एसपी सुरेश चंद रावत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और ट्रैफिक विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को नाले से बाहर निकाला गया। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसे की वजह केवल तेज रफ्तार थी या कोई तकनीकी खराबी भी जिम्मेदार थी।









