महाराष्ट्र के गडचिरोली जिले से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां जिला महिला एवं बाल अस्पताल में उपचाराधीन 11 महीने की एक मासूम बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, बालिका पिछले कुछ दिनों से गडचिरोली जिल्हा महिला आणि बाल रुग्णालय में भर्ती थी और उसका इलाज चल रहा था। परिजनों और सूत्रों का कहना है कि घटना से लगभग दो घंटे पहले तक डॉक्टरों द्वारा बालिका की हालत स्थिर बताई जा रही थी। लेकिन अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने और फिर मौत की खबर मिलने से परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों की लापरवाही के कारण ही बालिका की जान गई है। उनका कहना है कि समय पर उचित इलाज और निगरानी नहीं मिलने से यह दुखद घटना हुई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया और लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने भी इस घटना को गंभीर बताते हुए पूरे मामले की गहन जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि किसी भी डॉक्टर या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
इसके साथ ही जिले में लंबे समय से खाली पड़े डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ के पदों को तुरंत भरने की भी मांग की जा रही है। लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले समय में तीव्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।
फिलहाल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के संकेत दिए हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच में क्या सच सामने आता है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।








