भंडारा शहर में पिछले कुछ दिनों से घरेलू गैस सिलेंडर की भारी किल्लत देखने को मिल रही थी। शहर की कई गैस एजेंसियों के सामने सुबह से ही नागरिकों की लंबी-लंबी कतारें लग रही थीं। रोजमर्रा के घरेलू कामों के लिए गैस सिलेंडर पर निर्भर आम नागरिकों को इस स्थिति के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इस संबंध में जिला वितरण अधिकारी नरेश वंजारी ने जानकारी देते हुए बताया कि गैस सप्लाई पाइपलाइन में लीक हो जाने के कारण वितरण व्यवस्था कुछ समय के लिए प्रभावित हुई थी। हालांकि अब तकनीकी समस्या को दूर कर लिया गया है और सप्लाई सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बावजूद शहर में सिलेंडर की कमी की शिकायतें लगातार जिला प्रशासन तक पहुंच रही थीं।
शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए जिला पुरवठा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया। इसी क्रम में शहर के सुमनोहर लॉन परिसर में छापा मारा गया। जांच के दौरान सामने आया कि वहां अवैध केटरिंग के लिए घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल किया जा रहा था। यह न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि आम नागरिकों के हिस्से के सिलेंडर भी अवैध रूप से खपाए जा रहे थे।
छापेमारी के दौरान विभाग ने कुल 7 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। जिला पुरवठा विभाग ने अवैध व्यापार में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है और भविष्य में भी इस तरह की अनियमितताओं पर सख्त नजर रखी जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी घरेलू सिलेंडरों का अवैध उपयोग नजर आए, तो तुरंत संबंधित विभाग को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और आम जनता को राहत मिल सके।








