पणजी। गोवा पुलिस ने महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के कंकावली से 15 वर्षीय किशोरी को सुरक्षित बरामद करते हुए 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर गोवा से किशोरी का अपहरण करने का आरोप है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता कर्नाटक के कनकुम्बी की मूल निवासी है और उत्तरी गोवा के बिचोलिम में अपनी मौसी के साथ रहकर पढ़ाई कर रही थी। बुधवार को लड़की ने घर से निकलते समय कहा था कि वह अपने पैतृक घर जा रही है, लेकिन वहां नहीं पहुंची। देर शाम जब परिजनों ने उसे लापता पाया तो तुरंत पुलिस से शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर बिचोलिम थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राहुल गुप्ता ने तुरंत दो टीमों का गठन कर उन्हें महाराष्ट्र और कर्नाटक भेजा। जांच के दौरान लड़की सिंधुदुर्ग जिले के कंकावली में मिली, जहां स्थानीय पुलिस की मदद से उसे सुरक्षित छुड़ाया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) (अपहरण) और गोवा बाल अधिनियम की धारा 8 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि आगे की जांच जारी है और पुलिस आरोपी के मकसद व अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।








