तालाब में डूबने से दो मासूमों की मौत
अस्पताल के बाहर भारी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा
डॉक्टर के निलंबन की मांग
समय पर ऑक्सीजन न मिलने का आरोप
गोंदिया जिले के सडक अर्जुनी तहसील के फुटाला गांव में तालाब में डूबने से दो नाबालिग बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद सौंदड के शासकीय अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही के आरोप लगते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
फुटाला गांव में खेलते समय दो बच्चे तालाब में डूब गए। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि अस्पताल में समय पर ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध नहीं था, जिसके कारण दोनों बच्चों की मौत हुई। इस कथित लापरवाही को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है।परिजनों ने संबंधित डॉक्टर को तत्काल निलंबित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय पर उचित इलाज मिलता, तो बच्चों की जान बचाई जा सकती थी।
घटना के बाद अस्पताल परिसर के बाहर बड़ी संख्या में नागरिक जमा हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और हल्का बल प्रयोग भी किया गया। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में हालात काबू में हैं। यह घटना ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।








