आधी रात की लूट का पर्दाफाश, 22 लाख का माल बरामद
घर के सामने रहने वालों ने ही दिया वारदात को अंजाम, पुलिस ने कसा शिकंजा
गोंदिया:गोंदिया शहर के सेल टैक्स कॉलोनी क्षेत्र में देर रात चाकू की नोक पर घर में घुसकर मारपीट और जबरन लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी पिता-पुत्र को गोंदिया पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 22 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम मुकेशकुमार डोंगरे (उम्र 59 वर्ष) और आर्यन डोंगरे (उम्र 24 वर्ष) बताए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 जनवरी की मध्यरात्रि को गोंदिया शहर स्थित सेल टैक्स कॉलोनी में रहने वाले प्रतीक उईके के घर दो अज्ञात व्यक्तियों ने दरवाजा खटखटाया। जैसे ही दरवाजा खोला गया, दोनों आरोपी जबरन घर में घुस आए और चाकू दिखाकर फिर्यादी व उनकी मां के साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने घर से नकदी और कीमती सामान की जबरन चोरी कर ली।
इस मामले में गोंदिया ग्रामीण पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की गई थी। पुलिस ने जब मामले की गहन जांच शुरू की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी कोई और नहीं, बल्कि फिर्यादी के घर के सामने किराए से रहने वाले पिता-पुत्र ही थे।
चोरी की वारदात के बाद दोनों आरोपी मध्य प्रदेश राज्य में फरार हो गए थे। स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने तकनीकी जांच और गोपनीय जानकारी के आधार पर मध्य प्रदेश से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर गोंदिया लाया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 22 लाख रुपये का चोरी किया गया माल जब्त किया है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।









