कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ा एक्शन
नागपुर शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। रात के समय जानवरों और कुत्तों को खाना खिलाकर घर लौट रहे जयेश खासानी का चार मोटरसाइकिलों पर सवार आठ युवकों ने पीछा किया। जयेश जैसे ही अपने घर के पास रुके, आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान जब उनके माता-पिता मौके पर पहुंचे, तो सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद जयेश खासानी अपने परिजनों के साथ पुलिस थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मारपीट और अवैध जमावड़ा का मामला दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अरुण सिरसागर (लकड़गंज थाना) के मार्गदर्शन में डीबी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके के करीब 50 से 60 सीसीटीवी कैमरों की जांच की।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और कुछ ही घंटों में सभी आठ आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वाहन को कट लगने के कारण विवाद हुआ था, जो बाद में मारपीट में बदल गया। हालांकि, पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान के अनुसार आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए चैप्टर बॉन्ड और अन्य प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है। नागपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर में इस तरह की गुंडागर्दी और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।








