अमरावती | प्रतिनिधि:अमरावती। जिले के बडनेरा क्षेत्र में सोमवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सातों युवक चाय पीने के लिए बेलोरा हवाई अड्डा क्षेत्र स्थित एक दुकान पर गए थे। वहां से लौटते समय अमरावती-अकोला राजमार्ग पर उनकी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हालांकि पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं किसी अज्ञात ट्रक ने उनकी कार को टक्कर तो नहीं मारी।
इस भीषण हादसे में मो. अनस मो. सईद, मो. तलहा मो. अनीस, मो. आतिफ मो. सईद और अ. अनस अ. सलीम (सभी उम्र 20 से 26 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अनस अनीस खान, मो. असद और मो. हुजैफा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अमरावती के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है।
मृतक सभी युवक बडनेरा के इस्लामी चौक और अलमास गेट क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मंगलवार को शवों का पोस्टमार्टम कर उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है। देर रात बडनेरा के कब्रिस्तान में उनका अंतिम संस्कार (दफन) किया जाएगा। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और स्थानीय लोगों में गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है।







