दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें,31 दिसंबर और 1 जनवरी को और भीड़ बढ़ने की संभावना
क्रिसमस और नए साल की छुट्टियों के चलते देशभर के प्रमुख तीर्थस्थलों में शामिल शिर्डी में एक बार फिर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। साईबाबा के दर्शन के लिए महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में भक्त शिर्डी पहुंच रहे हैं। इसका असर मंदिर परिसर, दर्शन मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में साफ नजर आ रहा है, जहां हर तरफ श्रद्धालुओं का महासैलाब दिखाई दे रहा है।
छुट्टियों का सीजन होने के कारण साईबाबा मंदिर में दर्शन के लिए लंबी-लंबी कतारें लग गई हैं। कई श्रद्धालुओं को घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है, लेकिन साईबाबा के दर्शन की आस्था के आगे भक्तों का उत्साह कम नहीं हो रहा है। मंदिर परिसर के साथ-साथ शिर्डी शहर के होटल, धर्मशालाएं और लॉज भी लगभग पूरी तरह से भर चुके हैं। सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है, जिससे पुलिस और प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए साईबाबा संस्थान और जिला प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। दर्शन व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। साथ ही, कतारों को व्यवस्थित करने, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मंदिर प्रबंधन द्वारा लगातार घोषणा कर श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की जा रही है।
प्रशासन और साईबाबा संस्थान का अनुमान है कि 31 दिसंबर और 1 जनवरी को श्रद्धालुओं की संख्या में और अधिक बढ़ोतरी हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है। प्रशासन ने शिर्डी आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, ताकि सभी भक्त शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से साईबाबा के दर्शन कर सकें।








