घरेलू सिलेंडर की कालाबाज़ारी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
हिंगणा में सिलेंडर माफिया पर छापा, 11 लाख से अधिक का माल जब्त
नागपुर! शहर में अवैध गैस सिलेंडर कारोबार के खिलाफ नागपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिंगणा क्षेत्र में चल रहे एक गैरकानूनी रैकेट का पर्दाफाश किया है। घरेलू गैस सिलेंडरों को कमर्शियल सिलेंडरों में बदलकर ऊँचे दामों पर बेचने का यह अवैध धंधा लंबे समय से चल रहा था।
नागपुर पुलिस आयुक्तालय की अपराध शाखा, यूनिट क्रमांक एक ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 11 लाख 21 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है, जिसमें गैस सिलेंडर, रेगुलेटर, वाहन और अन्य उपकरण शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सुनीलकुमार जानी, प्रकाश खिलेरी, श्रवणकुमार जानी और हबीब शेख के साथ मिलकर इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे। ये लोग घरेलू उपयोग के सिलेंडरों से गैस निकालकर कमर्शियल सिलेंडरों में भरते थे और फिर होटलों, ढाबों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को महंगे दामों पर सप्लाई करते थे।
मामले में भवानी गैस एजेंसी से जुड़े संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है। हिंगणा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि शहर में किसी भी तरह के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।









