नकली शराब माफिया पर उत्पादन शुल्क विभाग का करारा प्रहार
अवैध शराब कारोबारियों की कमर तोड़ने की बड़ी कार्रवाई
नागपूर:नागपुर में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ राज्य उत्पादन शुल्क विभाग ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए एक नकली देसी–विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई नागपुर जिले के हिंगणा तालुका स्थित माय टाउन सोसायटी परिसर में की गई, जहां लंबे समय से नकली शराब का निर्माण और सप्लाई की जा रही थी।
राज्य उत्पादन शुल्क विभाग के विभागीय उड़न दस्ते को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त परिसर में बड़े पैमाने पर नकली देसी और विदेशी शराब तैयार की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर छापा मारा, जहां भारी मात्रा में शराब और सामग्री बरामद की गई।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने 1010 लीटर देसी शराब, सैकड़ों नकली विदेशी शराब की बोतलें, ढक्कन, लेबल, पैकिंग सामग्री, मशीनरी और वाहन जब्त किए। जब्त किए गए कुल माल की कीमत 24 लाख 67 हजार रुपये आंकी गई है। इस मामले में अब तक आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जबकि इस रैकेट का मुख्य आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नकली शराब को असली ब्रांड के नाम से बाजार में बेचकर लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे थे। यह शराब शहर और ग्रामीण इलाकों में सप्लाई की जा रही थी। उत्पादन शुल्क विभाग ने फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार के खिलाफ राज्य सरकार की सख्त नीति का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में ऐसी और भी सख्त कार्रवाइयाँ की जाएंगी।








