कोलंबो। भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को 61 रनों से हरा दिया है। टूर्नामेंट के इतिहास में यह भारत की पाकिस्तान पर रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सुपर-8 राउंड के लिए क्वालीफाई कर लिया है। टीम लगातार 3 जीत के साथ ग्रुप ए की पॉइंट टेबल के टॉप पर है।
टॉस जीतकर उन्होंने भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विरोधी टीम पाकिस्तान के सामने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट कर रह गई। इस हिसाब से एक बार फिर से युवा कंपनी ने पाकिस्तान का घमंड तोड़ते हुए उसे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अहम मुकाबले में एकतरफा अंदाज में हराते हुए धूल चटाई।
टीम इंडिया की ओर से ईशान किशन ने सबसे ज्यादा 77 रन की पारी खेली और पाकिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। उन्हें पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने पवेलियन भेजा। इसके बाद ईशान किशन ने पारी संभाली और पावरप्ले खत्म होने तक भारत ने एक विकेट पर 52 रन बना लिए। ईशान किशन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 40 गेंदों का सामना करते हुए 77 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। दूसरे छोर से तिलक वर्मा ने 24 गेंदों में 25 रन का योगदान दिया, लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल सके। मिडिल ओवरों में भारत को कुछ जल्दी-जल्दी झटके लगे। हार्दिक पांड्या पहली ही गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में कैच आउट हो गए। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों में 32 रन बनाए और पारी को आगे बढ़ाया। शिवम दुबे 17 गेंदों में 27 रन बनाकर रन आउट हो गए, जबकि अक्षर पटेल पहली ही गेंद पर कैच देकर लौट गए।











