लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत दुनिया के लिए आशा की किरण बनकर उभर रहा है। साथ ही उन्होंने यूरोपीय संघ (ईयू) के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) का उल्लेख करते हुए कहा कि यह महत्वाकांक्षी भारत के लिए है और देश के विनिर्माताओं को इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी क्षमताएं बढ़ानी चाहिए।
संसद के बजट सत्र के दूसरे दिन, मीडिया को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सुधारों के क्रियान्वयन में संसद सदस्यों के सकारात्मक योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
मोदी ने कहा कि उनके आलोचक भी सरकार की अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाने की प्रतिबद्धता को स्वीकार करते हैं और सुधारों की यह परंपरा अगली पीढ़ी के सुधारों के साथ भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनसांख्यिकी दुनिया के लिए बड़ी उम्मीद प्रदान करती है। प्रधानमंत्री ने कहा, “लोकतंत्र के इस मंदिर में भारत के पास शक्ति, लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से लिए गए फैसलों के लिए सम्मान का संदेश देने का अवसर है… संदेशों को वैश्विक स्तर पर स्वीकार किया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि वर्तमान समय व्यवधान उत्पन्न करने का नहीं, बल्कि समाधान खोजने का है।












