नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राजग (NDA) संसदीय दल की बैठक में कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता एक बड़ा फैसला है, जो हर देशवासी के लिए लाभदायक होगा। एनडीए नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस बड़ी कूटनीतिक और आर्थिक उपलब्धि के लिए सम्मानित किया। बैठक में शामिल सांसदों ने यह जानकारी दी।
प्रधानमंत्री ने राजग के संसदीय दल की बैठक में सदस्यों को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि उनकी सरकार हमेशा राष्ट्र के हित में काम करती है। राजग के घटक दलों के सदस्यों ने यूरोपीय संघ और अमेरिका के साथ व्यापार समझौतों के लिए प्रधानमंत्री को बधाई भी दी और कहा कि इससे भारतीय निर्माताओं, निर्यातकों और उद्यमियों को मजबूती मिलेगी।
बैठक में शामिल सांसदों के अनुसार प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता एक बड़ा फैसला है और देश में सभी को इससे लाभ मिलेगा। भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए हैं, जिसके तहत वॉशिंगटन भारतीय उत्पादों पर शुल्क को कुल 50 प्रतिशत से कम करके 18 प्रतिशत करेगा। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने कहा कि पूरे देश में इस समझौते को लेकर उत्साह है।









