पूछताछ के बाद माफीनामा स्वीकार
एमआईएम पर कट्टरता फैलाने का आरोप
ठाणे में एमआईएम की नेता सहर शेख द्वारा दिए गए कथित भड़काऊ भाषण के मामले में नया मोड़ सामने आया है। भाजपा नेता किरीट सोमैया ने जानकारी दी कि सहर शेख ने इस प्रकरण में लिखित रूप से माफी मांगी है। सोमैया के अनुसार, “मुंबई को हरा बनाने” जैसे बयानों के जरिए हिंदू समाज को भड़काने की शिकायत की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने सहर शेख को दो बार पूछताछ के लिए बुलाया।
पूछताछ के बाद सहर शेख ने लिखित माफीनामा देते हुए कहा कि उनका किसी की भावनाओं को आहत करने का इरादा नहीं था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि “हरा” रंग भले ही उनके पार्टी का झंडा हो, लेकिन वे जीवन भर भारत के तिरंगे के लिए काम करेंगी।
किरीट सोमैया ने कहा कि सहर शेख केवल 22 वर्ष की हैं और युवा होने के कारण उनका माफीनामा स्वीकार किया गया है। हालांकि, उन्होंने एमआईएम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता नई पीढ़ी को कट्टरपंथ की ओर धकेल रहे हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने एमआईएम को “नई मुस्लिम लीग” करार देते हुए कहा कि यह संगठन समाज में विभाजन पैदा करने का काम कर रहा है।
सोमैया ने दावा किया कि मालवणी, मानखुर्द, मुंब्रा के बाद अब मुंबई को “हरा” बनाने की साजिश की जा रही है, जिसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा शासित राज्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होता और “लाडकी बहिण” जैसी योजनाएं हिंदू-मुस्लिम सभी महिलाओं के लिए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि देवेंद्र फडणवीस सरकार ऐसे कट्टरपंथी प्रयासों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करेगी।









