तेल अवीव/तेहरान। ईरान के पूर्व विदेश मंत्री कमाल खराजी के तेहरान स्थित घर पर गुरुवार को अमेरिका ने हमला किया। इस हमले में उनकी पत्नी की मौत हो गई और खराजी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया है।
खराजी अभी ईरान की ‘स्ट्रेटेजिक फॉरेन रिलेशंस काउंसिल’ के चेयरमैन हैं। यह संस्था सीधे देश के सर्वोच्च नेता (सुप्रीम लीडर) को सलाह देती है और विदेश नीति से जुड़े बड़े फैसलों में अहम भूमिका निभाती है। खबरों में बताया गया है कि खराजी हाल के दिनों में पाकिस्तान के साथ सीजफायर वार्ता को लेकर ‘बैक-चैनल’ से संपर्क में थे। हालांकि, इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इससे पहले खराजी ने संकेत दिया था कि ईरान इनडायरेक्ट बातचीत के लिए तैयार हो सकता है। हालांकि उन्होंने एक इंटरव्यू में यह भी कहा था कि अमेरिका के साथ कूटनीति के लिए फिलहाल कोई जगह नहीं है।
वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार सुबह राष्ट्र के नाम संबोधन दिया। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका को ईरान जंग में जीत मिली है। साथ ही चेतावनी दी कि अमेरिका 2-3 हफ्ते में ईरान पर बड़ा हमला करेगा। ट्रंप ने आगे कहा कि ईरान की मिसाइल-ड्रोन क्षमता और नौसेना खत्म हो गई है, सैन्य ताकत काफी कमजोर हो गई है। इस सैन्य अभियान का अहम मकसद पूरा होने वाला है।








