लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। अमेरिका-इजरायल के प्रति तेवर दिखाते हुए ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामनेई ने दो टूक कहा है कि होरमुज़ स्ट्रेट (Hormuz Strait) बंद रहेगा। ईरान हर मौत का बदला लेगा। हम किसी की शहादत को नहीं भूलेंगे। ईरान के लोगों के खून का बदला लेंगे। हम हर बच्चे की मौत का बदला लेंगे। इसके साथ ही उन्होंने पड़ोसी देशों से कहा है कि वे अपनी जमीन से अमेरिका को हटाएँ। हम मिडिल ईस्ट में सभी यूएस बेस (US Bases) पर हमला करेंगे। मुजतबा ने कहा, हम अपने शहीदों, खासकर मिराब के शहीदों के खून का बदला जरूर लेंगे।
इस दौरान उन्होंने ईरानी सेना की तारीफ भी की। मुजतबा ने कहा, ईरानी सेना मजबूती से अपने देश की रक्षा कर रही है और दुश्मनों के हमलों का जवाब दे रही है। अमेरिकी और इजरायली हमलों का शिकार हुए लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने उनके सब्र की दुआ की। साथ ही लोगों को यकीन दिलाया कि हर ईरानी शहीद के खून का बदला लिया जाएगा। ईरान के सरकारी टीवी पर पढ़कर सुनाए गए संदेश में खामनेई ने कहा कि मौजूदा हालात में होरमुज़ स्ट्रेट का रास्ता भी नहीं खोला जाएगा। यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच युद्ध लगातार तेज हो रहा है। मुजतबा खामनेई ने कहा, ईरान पड़ोसी देशों के साथ अच्छे रिश्ते चाहता है। उसने अपने पड़ोसियों पर हमला नहीं किया है, बल्कि उन देशों में अमेरिका के ठिकानों को निशाना बनाया है क्योंकि दुश्मन उन इलाकों से ईरान पर हमला कर रहा था। हम दुश्मन से नुकसान की भरपाई भी करेंगे।












