लोकवाहिनी, संवाददाता:तेहरान। ईरान में जारी सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच हालात और तनावपूर्ण होते जा रहे हैं। ईरान की संसद के अध्यक्ष ने रविवार को चेतावनी दी कि अगर अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की धमकी पर इस्लामिक गणराज्य पर हमला करता है, तो जवाब में इजरायल और क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा।
मोहम्मद बगेर कालिबाफ की टिप्पणियों से संकेत मिलता है कि उन्होंने ईरान पर हमले के बाद संभावित निशानों की सूची में इजरायल को भी शामिल किया है। कट्टरपंथी नेता कालिबाफ ने यह धमकी तब दी जब ईरानी संसद में सांसद ‘अमेरिका मुर्दाबाद’ के नारे लगाते हुए मंच पर चढ़ गए।
गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के लिए अपनी योजना के बारे में एक बड़ा संकेत दिया है। अमेरिकी सेना ने रविवार को उन्हें ईरान पर हमले के संभावित विकल्पों के बारे में जानकारी दी। रिपोर्ट के मुताबिक ईरान पर अमेरिका के संभावित हमले की आशंका के मद्देनजर इजरायल हाई अलर्ट पर है।








