बीड में संतोष देशमुख हत्या मामले का आरोपी जयराम चाटे 14 महीने बाद कुछ घंटों के लिए जेल से बाहर
महाराष्ट्र के बीड जिले में चर्चित सरपंच संतोष देशमुख हत्या मामले से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। इस मामले के मुख्य आरोपी जयराम चाटे को करीब 14 महीने बाद कुछ घंटों के लिए जेल से बाहर आने की अनुमति दी गई है।
दरअसल, जयराम चाटे के छोटे भाई श्रीराम चाटे का 2 मार्च को निधन हो गया था। उनके बारहवें के धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जयराम चाटे ने अदालत से अनुमति मांगी थी। इस पर बीड जिला और विशेष अदालत ने मानवीय आधार पर सीमित समय के लिए जेल से बाहर आने की इजाजत दे दी।
अदालत के आदेश के मुताबिक 13 मार्च को सुबह 9 बजे से लेकर दोपहर 4 बजे तक ही जयराम चाटे को बाहर रहने की अनुमति दी गई है। इस दौरान कड़े पुलिस बंदोबस्त के बीच वह अपने मूल गांव तांबवा पहुंचा, जहां अपने भाई के बारहवें के धार्मिक विधि में शामिल हुआ।
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस प्रशासन ने पूरे इलाके में सख्त बंदोबस्त किया है। खास बात यह है कि अदालत के निर्देशानुसार इस दौरान पुलिस सुरक्षा और यात्रा का पूरा खर्च आरोपी जयराम चाटे को ही वहन करना होगा।
सरकारी वकील ने अदालत में इस अनुमति का विरोध करते हुए सुरक्षा संबंधी चिंताएं जताई थीं। हालांकि अदालत ने मानवीय दृष्टिकोण और धार्मिक परंपराओं के महत्व को देखते हुए सख्त शर्तों के साथ यह अनुमति मंजूर की।
निर्धारित समय पूरा होने के बाद जयराम चाटे को दोबारा बीड जिला कारागार में वापस भेज दिया जाएगा। संतोष देशमुख हत्या मामला पहले से ही बीड जिले में काफी चर्चित रहा है और इस घटनाक्रम के बाद एक बार फिर यह मामला चर्चा में आ गया है।












